फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mandi News: शुष्क ठंड का प्रकोप, निमोनिया और दमा के संक्रमण ने बढ़ाई चिंता

Fri, 19 Dec 2025 11:41 PM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, मंडी
विज्ञापन
विज्ञापन
जोगिंद्रनगर (मंडी)। क्षेत्र में बढ़ती शुष्क ठंड और गिरते तापमान ने लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालना शुरू कर दिया है। जोगिंद्रनगर नागरिक अस्पताल में इन दिनों मरीजों की संख्या में भारी इजाफा देखा जा रहा है। विशेषकर दमा (अस्थमा) और निमोनिया से ग्रस्त रोगी बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच रहे हैं। ठंडी हवाओं और वातावरण में बढ़े प्रदूषण के कारण फेफड़ों के संक्रमण का खतरा भी गहरा गया है।
विज्ञापन

अस्पताल की मेडिसिन ओपीडी में रोजाना करीब 200 मरीज स्वास्थ्य जांच के लिए पहुंच रहे हैं। ओपीडी में हर दिन 8 से 10 मरीज निमोनिया के पहुंच रहे हैं। सामान्य लक्षणों वाले मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेजा जा रहा है, जबकि गंभीर रूप से बीमार रोगियों को तुरंत अस्पताल में भर्ती किया जा रहा है। इसके अलावा तेज बुखार और टाइफाइड के मामलों की भी पुष्टि हो रही है।
चिकित्सकों के अनुसार नवंबर की तुलना में दिसंबर में मरीजों की संख्या में अचानक उछाल आया है। सुबह-शाम चलने वाली सर्द हवाओं और प्रदूषण के कारण दमा के मरीजों को सांस फूलने, खांसी और सीने में जकड़न जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे संवेदनशील मरीजों को अस्पताल के सीसीयू और आपातकालीन वार्ड में विशेष उपचार दिया जा रहा है।
विज्ञापन


सर्द हवा और प्रदूषण से फेफड़ों में बढ़ रहा है संक्रमण
नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर के मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. तेजेंद्र के अनुसार सुबह-शाम की सर्द हवा और प्रदूषण का सीधा असर फेफड़ों पर पड़ रहा है। मौसम के बदलते मिजाज से लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो रही है, जिससे वे बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। निमोनिया के मरीजों में तेज बुखार और खांसी के लक्षण प्रमुख हैं।

रोगी वार्डों में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य लाभ सुनिश्चित किया जा रहा है। दमे के गंभीर मरीजों के लिए सीसीयू वार्ड में विशेष रूप से बेड आरक्षित रखे गए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। -डॉ. अंकित, कार्यवाहक प्रभारी, नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें