मंडी पठानकोट हाईवे पर एचआरटीसी बस चालक के द्वार खुलने से टूटा कार का शीशा। संवाद
जोगिंद्रनगर (मंडी)। हिमाचल पथ परिवहन निगम की जोगिंद्रनगर से हरिद्वार जा रही बस का चालक द्वार अचानक खुल गया और सामने से आ रही एक कार से टकरा गया। इससे कार का फ्रंट शीश टूट गया। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। घटना बुधवार की है।
जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर बाद करीब 3ः00 बजे जोगिंद्रनगर शहर की आरंभ सीमा लक्ष्मी बाजार में एचआरटीसी की बस का अचानक चालक द्वार खुल गया। इसी दौरान सामने से आ रही कार के साथ चालक द्वार जोर से टकरा गया और कार का आगे का शीशा टूटा गया। हादसे के बाद मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। कार चालक अंकुश ने एचआरटीसी प्रबंधन से संपर्क कर गाड़ी को हुए नुकसान की भरपाई करने की मांग की है।
घटना के बाद बैजनाथ डिपो के क्षेत्रीय बस प्रबंधक नितेश कुमार ने बस चालक से जवाब तलब किया है। क्षेत्रीय प्रबंधक नितेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में एचआरटीसी की बस के चालक द्वार के दोनों लॉक सही पाए गए हैं। मानवीय चूक के कारण यह हादसा हुआ है। बस चालक और परिचालक से इस हादसे की जानकारी जुटाकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।