पहली बार राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में मंडी का करेंगी नेतृत्व
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। सराज-2 (बालीचौकी) की छात्रा दृष्टि ठाकुर ने अंडर-14 छात्रा वर्ग की जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर क्षेत्र और विद्यालय का नाम रोशन किया है। धर्मपुर के भराड़ी में आयोजित प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के दम पर दृष्टि ने राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए जगह बनाई है। अब वह पहली बार राज्यस्तर पर होने वाली अंडर-14 भाषण प्रतियोगिता में जिला मंडी का प्रतिनिधित्व करेंगी।
दृष्टि इससे पहले भी जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं। वह दो बार जिला स्तर पर दूसरा और तीसरा स्थान हासिल कर चुकी हैं। इस बार प्रथम स्थान प्राप्त करना उनकी निरंतर मेहनत और भाषण कला में निखार का प्रमाण है।
दृष्टि की इस उपलब्धि में उनकी माता तारा ठाकुर और सराज वैली मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल बालीचौकी की प्रधानाचार्य वंदना ठाकुर सहित पूरे स्टाफ का अहम योगदान रहा। प्रधानाचार्य वंदना ठाकुर और शिक्षिका जीवना पराशर ने दृष्टि की प्रतिभा को प्रोत्साहित करते हुए अपनी गाड़ी से उसे प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए सरकाघाट पहुंचाया।
दृष्टि की बड़ी बहनें परिष्टी ठाकुर और अभिष्टि ठाकुर भी कई बार राज्यस्तरीय भाषण प्रतियोगिताओं में विजेता रह चुकी हैं। अब दृष्टि ने भी अपनी उपलब्धि से परिवार की इस परंपरा को आगे बढ़ाया है।