कोटली (मंडी)। नेशनल हाईवे-003 का निर्माण लागधार और सुरारी पंचायतों के ग्रामीणों के लिए समस्या बन गया है। पेयजल, संपर्क मार्ग और बिजली व्यवस्था इससे चरमरा गई है। ग्रामीण हेम सिंह ठाकुर की पानी से चलने वाली आटा चक्की भी बंद होने की कगार पर है। ग्रामीणों की शिकायत पर एसडीएम कोटली जगदीश चंद ने शुक्रवार को अधिकारियों संग दोनों पंचायतों का निरीक्षण किया।
लागधार पंचायत प्रधान भुवनेश्वरी ठाकुर ने पेयजल और सड़क की समस्याएं उठाईं। विद्युत बोर्ड के एडिशनल एसडीओ अभिषेक गुलेरिया ने बताया कि क्षतिग्रस्त बिजली खंभे दो साल से बहाल नहीं हुए। सुरारी पंचायत प्रधान कृष्णा देवी ने भी रास्तों और पेयजल से जुड़ी दिक्कतें रखीं। एसडीएम ने कंपनी के रेजिडेंट इंजीनियर अरविंद अस्थाना को एक महीने में समस्याएं दूर करने के निर्देश दिए। कंपनी ने एक से डेढ़ महीने में समाधान का आश्वासन दिया है।