जोगिंद्रनगर में ऊहल प्रोजेक्ट की उखाड़ी गई सर्विस सड़क। स्त्रोत - जागरूक पाठक
जोगिंद्रनगर (मंडी)। ऊहल प्रोजेक्ट पावर चैनल के लिए बनाई सड़क पर मालिकाना हक को लेकर विवाद गहरा गया है। दारट बंगला गांव को जानी वाली सड़क के कुछ हिस्से में भूमि के मालिकाना हक का दावा जताकर टिकरू निवासी एक व्यक्ति ने सड़क उखाड़ कर ग्रामीणों का रास्ता तक बंद कर दिया है।
100 मेगावाट ऊहल प्रोजेक्ट के पावर चैनल के लिए वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो गई है। रणा खड्ड पर साल 2008 में पावर चैनल के निर्माण के दौरान करीब एक किलोमीटर सर्विस सड़क बनाई गई थी। जहां पर दारट, बगला गांव के लोग भी गुजरते हैं। बुधवार को सड़क के कुछ हिस्से पर अपनी दावेदारी जताकर टिकरू निवासी व्यक्ति ने सड़क को उखाड़ फेंका। जिसका विरोध आसपास के लोगों ने जब किया तो मौके पर परियोजना के अधिकारी भी आ पहुंचे।
प्रोजेक्ट की महत्वपूर्ण सर्विस सड़क को लेकर गहराए विवाद पर अब राजस्व विभाग के दस्तावेज भी खंगाले जा रहे हैं।
उधर, ऊहल प्रोजेक्ट के अधिशासी अभियंता सुरजीत ने बताया कि उन्होंने मौके का जायजा लेकर उच्च अधिकारियों को जानकारी दे दी है। वीरवार को दोनों पक्षों की वार्ता व्यास वैली कार्पोरेशन के कार्यालय में आमंत्रित की गई है। इसके बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।