थाची (मंडी)। राजकीय महाविद्यालय थाची में कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. पवन कुमार की देखरेख में शनिवार को केंद्रीय छात्र परिषद का गठन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को छात्र परिषद के महत्व, कार्यप्रणाली और गठन प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. पवन कुमार ने कहा कि केंद्रीय छात्र परिषद विद्यार्थियों और महाविद्यालय प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में सेतु का कार्य करती है। उन्होंने छात्र परिषद के सभी पदाधिकारियों से शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। गठित कार्यकारिणी में डिंपल कुमारी को अध्यक्ष, वंदना कुमारी को सचिव, कनिका संख्यान को उपाध्यक्ष तथा पुष्प लता को सहसचिव चुना गया। इसके अतिरिक्त महाविद्यालय के विभिन्न क्लबों के सदस्यों का भी चयन किया गया।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षक एवं गैर-शिक्षक कर्मचारी उपस्थित रहे।