जोगिंद्रनगर (मंडी)। विद्यालयों में आयोजित शिक्षा संवाद में अभिभावकों की कम उपस्थिति के चलते कई स्कूलों में कार्यक्रम रद्द हुए। कार्यक्रम में एसएमसी अध्यक्ष न पहुंचने से चर्चा नहीं हो पाई। जिले की 324 वरिष्ठ पाठशालाओं और 154 उच्च पाठशालाओं में से करीब 70 फीसदी स्कूलों में शिक्षा संवाद कार्यक्रम हुआ। इन स्कूलों में शिक्षा ग्रहण कर रहे 66 हजार से अधिक विद्यार्थियों में से उपस्थिति 60 हजार के आसपास रही। जिले के कुल 23 ब्लॉकों की 1600 के करीब प्राथमिक पाठशालाओं में शिक्षा संवाद कार्यक्रम अनिवार्य किए गए थे। शीतकालीन स्कूलों में पेश आ रही दिक्कतों के चलते शत प्रतिशत शिक्षा संवाद कार्यक्रम नहीं हो पाए।
जोगिंद्रनगर की राजकीय कन्या, बाल और चौंतड़ा स्कूल में शिक्षा संवाद का कार्यक्रम प्रधानाचार्य डॉ. सुनील ठाकुर, कार्यकारी प्रधानाचार्य युधिष्ठर राणा की मौजूदगी में हुआ। इन स्कूलों में अभिभावकों ने विद्यार्थियों की पढ़ाई की गुणवत्ता पर चर्चा की। चौंतड़ा स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष विनोद ने स्कूल के आधारभूत ढांचे को दुरुस्त करने पर अपनी बात रखी। कन्या पाठशाला जोगिंद्रनगर में आयोजित शिक्षा संवाद कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर क्राइम से बचने और सामाजिक कर्तव्यों के पालन करने पर प्रोत्साहित किया गया।
...
जिन सरकारी स्कूलों में शिक्षा संवाद कार्यक्रम साल के आखिरी दिन नहीं हो पाए हैं वहां नए साल में आयोजित कर विद्यार्थियों की पढ़ाई की गुणवत्ता और अध्यापक, अभिभावकों से चर्चा कर विद्यार्थियों के सर्वागींण विकास पर चर्चा की जाएगी।
-सुशील कुमार, उपनिदेशक उच्च शिक्षा
........
कितनी पाठशालाओं में कार्यक्रम संपन्न हो पाए हैं, इसकी जानकारी प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों से मांगी गई है।
-विजय कुमार, उपनिदेशक, प्रारंभिक शिक्षा।