ओबीसी मोर्चा ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
कहा, एक माह में शिक्षकों की तैनाती नहीं हुई तो एसडीएम कार्यालय का घेराव करेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
बालीचौकी(मंडी)। शिक्षा खंड बालीचौकी की राजकीय प्राथमिक पाठशाला धनौट में अध्यापकों की कमी को दूर करने के लिए ओबीसी मोर्चा ने सरकार से गुहार लगाई है। वर्तमान में यह एक शिक्षिका के सहारे चल रहा है । सरकार को चेताया है कि एक माह में शिक्षकों की तैनाती नहीं हुई तो वे एसडीएम कार्यालय का घेराव करेंगे।
मोर्चा के अध्यक्ष बीर सिंह भारद्वाज की अगुवाई में अभिभावकों ने एसडीएम बालीचौकी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन देने के बाद बीर सिंह भारद्वाज ने कहा कि शिक्षा खंड बालीचौकी के तहत राजकीय प्राथमिक पाठशाला धनौट एक ही अध्यापक के सहारे चल रही है। एक ही अध्यापक होने के कारण पठन पाठन की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। एक अध्यापक को जहां पाठशाला में विद्यार्थियों के पठन पाठन पर ध्यान देना पड़ता है तो वहीं पाठशाला की अन्य कागजी औपचारिकताओं को पभी पूरा करना पड़ता है, जिससे छात्र छात्राओं की पठन प्रक्रिया पर भी असर पड़ा रहा है। नोक सिंह, बेली राम, तुले राम, शीलु, सुनीता देवी, जगदम्बा, चंद्रामणी, डोलमा देवी, कमला देवी आदि अभिभावकों का कहना है कि पाठशाला में 35 से भी अधिक छात्र शिक्षा गहण कर रहे हैं, लेकिन अध्यापकों की कमी के कारण छात्रों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, अब स्कूल में कार्यरत महिला अध्यापक की मेटरनिटी लीव पर जाने से पाठशाला अब पूरी तरह से खाली हो जाएगी। अभिभावकों ने चेताया है कि अगर एक माह के अंदर पाठशाला में अन्य अध्यापकों की नियुक्ति नही की तो वे एसडीएम कार्यालय बालीचौकी के बाहर आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।