मंडी में आयोजित प्रेस वार्ता में पत्रकारों को संबोधित करते एबीवीपी के पदाधिकारी। संवाद
एबीवीपी की मांगें जल्द पूरी न होने पर करेगी बड़ा आंदोलन
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। अगर प्रदेश सरकार एसपीयू मंडी में एबीवीपी की मांगों को पूरा नहीं करती है तो विद्यार्थी परिषद जल्द ही आंदोलनात्मक रुख अपनाएगी। कहा कि प्रदेश सरकार लंबे समय से इस विवि के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। यह बात प्रेस वार्ता में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी इकाई के अध्यक्ष हर्षित मिन्हास ने कही।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की विभिन्न मांगों को लेकर विद्यार्थी परिषद ने कुलपति के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है और शीघ्र समाधान करवाने की गुहार लगाई है। हर्षित ने कहा कि मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा था कि सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी का कोई ढांचा ही नहीं है। उन्होंने यूनिवर्सिटी को कॉलेज बताकर मंडी विश्वविद्यालय का अपमान किया था। एक नवशिशु की भांति मुख्यमंत्री को सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी को संभालना चाहिए था, लेकिन उनका विश्वविद्यालय के प्रति नकारात्मक रवैया रहा। कहा कि विवि के कुछ विभागों में अभी तक स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति नहीं हुई है। इसके चलते इंडस्ट्रियल केमिस्ट्री विभाग, एमसीए विभाग, लोग प्रशासन विभाग, पर्यावरण विज्ञान विभाग के छात्रों को गेस्ट टीचर्स से ही पढ़ना पड रहा है। कहा कि जेओए आईटी परीक्षा का परिणाम भी रोक दिया है। विवि में एक भी गैर शिक्षक कर्मचारी की भर्ती नहीं हुई।