जांच और उपचार के लिए इंतजार घटा
सर्जिकल ओपीडी में तीन विशेषज्ञ संभाल रहे जिम्मेदारी
रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती से अल्ट्रासाउंड सुविधा हुई बेहतर
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में अतिरिक्त विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार आया है। सर्जन, रेडियोलॉजिस्ट और फॉरेंसिक विशेषज्ञ की उपलब्धता से न केवल मरीजों को समय पर उपचार मिल रहा है, बल्कि अस्पताल में जांच और पोस्टमार्टम से जुड़ी प्रक्रियाएं भी पहले की अपेक्षा आसान हुई हैं। इसका सबसे अधिक लाभ दूरदराज के क्षेत्रों से उपचार के लिए पहुंचने वाले मरीजों को मिल रहा है, जिन्हें अब अनावश्यक इंतजार किए बिना उपचार और जांच की सुविधा मिल रही है।
अस्पताल की सर्जिकल ओपीडी में पहले केवल दो विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात थे। ऐसे में एक चिकित्सक के अवकाश पर होने या ऑपरेशन थियेटर में व्यस्त रहने पर दूसरे पर काम का अतिरिक्त बोझ पड़ता था। आपातकालीन सर्जरी के दौरान ओपीडी में आने वाले मरीजों को भी लंबा इंतजार करना पड़ता था। अब अतिरिक्त सर्जन डॉ. भरत की तैनाती से यहां विशेषज्ञों की संख्या तीन हो गई है। इससे चिकित्सकों का कार्यभार कम होने के साथ मरीजों को भी समय पर परामर्श मिल रहा है।
इसी तरह अल्ट्रासाउंड कक्ष में पहले एक ही रेडियोलॉजिस्ट होने के कारण जांच व्यवस्था प्रभावित होती थी। चिकित्सक के अवकाश पर रहने की स्थिति में मरीजों को निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता था। दो सप्ताह पूर्व महिला रेडियोलॉजिस्ट डॉ. आस्था सैनी के पदभार संभालने से अब अल्ट्रासाउंड सेवाओं को मजबूती मिली है। वहीं, नियमित फॉरेंसिक विशेषज्ञ की तैनाती से पोस्टमार्टम की प्रक्रिया भी सुगम हुई है।
देवधार निवासी सेवक राम, गायत्री दत्त शर्मा, पुष्पा गुलेरिया, नागेंद्र पाल और रुक्मणी ने कहा कि अतिरिक्त चिकित्सकों की तैनाती से अस्पताल में मरीजों को काफी राहत मिली है। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश ठाकुर ने बताया कि अब लगभग सभी विभागों में तीन से चार चिकित्सक तैनात हैं। इससे मरीजों को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध करवाया जा रहा है।