ट्रक यूनियन और बागवानों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, सड़कों की मरम्मत के निर्देश जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बालीचौकी (मंडी)। सराज क्षेत्र में सेब सीजन शुरू होने से पहले बदहाल सड़कों को लेकर बागवानों और सब्जी उत्पादकों की चिंता बढ़ गई है। मंगलवार को ट्रक यूनियन बालीचौकी और फल एवं सब्जी उत्पादक संघ ने पूर्व जिला परिषद सदस्य संत राम के नेतृत्व में एसडीएम बालीचौकी को ज्ञापन सौंपकर 21 प्रमुख लिंक सड़कों की तत्काल मरम्मत की मांग की।
इससे पहले संघ अध्यक्ष शेर सिंह की अध्यक्षता में हुई संयुक्त बैठक में देवधार-मलारी, पंजाई-डोभा, काशूनाला-दली, थाची-बिझर, गागणी-थाची, बालीचौकी-थाची, चलोगी-पंजाई और गाती-कालाकूट सहित 21 सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने का प्रस्ताव पारित किया गया।बागवानों ने कहा कि क्षेत्र की अर्थव्यवस्था बागवानी और नगदी फसलों पर निर्भर है। खराब सड़कों के कारण फसलों की ढुलाई प्रभावित होगी और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। बैठक में सचिव प्रदीप कुमार, बबलू शर्मा, उपाध्यक्ष दिले राम मेहता और खुबे राम ने समय रहते सड़कें ठीक न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम बालीचौकी विचित्र सिंह ने पीडब्ल्यूडी के एसडीओ को सभी 21 सड़कों की प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र मरम्मत के निर्देश दिए।