गोहर (मंडी)। विधानसभा क्षेत्र नाचन की मांगों को लेकर कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने इस दौरान मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की कई मांगे रखीं।
राज्य सहकारी बैंक के निदेशक लाल सिंह के नेतृत्व में मिले प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से गोहर में लघु सचिवालय, बासा में बस स्टैंड बनाने, एसपीयू बासा में पीजी कक्षाएं शुरू करने, जिला स्तरीय खयोड़ नलवाड़ मेले को प्रशासन के अधीन करने की मांग रखी। इसके साथ ही अस्पताल गोहर में मेडिसिन, गायनी और शिशु रोग विशेषज्ञ की तैनाती और गोहर में बीएमओ कार्यालय, स्यांज में आईटीआई और धीशती पंचायत के जाछ में उप तहसील कार्यालय खोलने की मांग रखी।
लाल सिंह ने कहा कि उपमंडल गोहर 45 पंचायतों की लगभग 50 हजार आबादी को विभिन्न सुविधा प्रदान कर रहा है। उन्होंने मांग उठाई है कि जल्द से जल्द इन सभी मांगों को पूरा किया जाए। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व प्रधान बासा नानक चंद, बीडीसी सदस्य जीवानंद, बासा पंचायत के पंच हरी राम, घनश्याम चौहान, लुदरमणी, जयचंद शर्मा, अजय आनंद, खेमसिंह, बालक राम, रूप लाल, हरीश, पवन कुमार, ढमेश्वर सिंह व अन्य मौजूद रहे। संवाद