कोटली (मंडी)। सदर विधानसभा क्षेत्र के सपलोह गांव की नीलम कुमारी की मौत का मामला गरमा गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि नीलम कुमारी की हत्या कर इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। इस मामले को लेकर पूर्व बीडीसी उपाध्यक्ष भुवनेश ठाकुर की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आरोपियों की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की अपील की है। उन्होंने 20 फरवरी को पुलिस की ओर से दिए गए बयान पर भी सवाल उठाए हैं, क्योंकि परिवार का कहना है कि नीलम कुमारी ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग नहीं लगाई थी।
भुवनेश ठाकुर ने राज्यपाल से आग्रह किया कि मामले की गहन और पारदर्शी जांच की जाए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपना सकते हैं। उधर, राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।