गोहर (मंडी)। वन विभाग नाचन की टीम ने वन परिक्षेत्राधिकारी पीयूष शर्मा के नेतृत्व में चैलचौक जहल सड़क पर नाकाबंदी कर एक नैनो कार से बजरोहडू नाला के पास शुक्रवार सुबह चार बजे तस्करी कर ले जाए जा रहे देवदार के तीन ठेले बरामद किए हैं। वन विभाग ने जहल क्षेत्र के पूर्णनंद और बख्शी राम को देवदार की लकड़ी की अवैध रूप से तस्करी करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
विभाग ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है तथा दोनों आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया है। वन विभाग ने अवैध लकड़ी और नैनो को जब्त कर लिया है। वन परिक्षेत्राधिकारी पीयूष शर्मा ने जब कार में सवार दो लोगों से परमिट मांगा तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। लकड़ी की बाजारी कीमत 13 हजार रुपये आंकी गई है। डीएफओ नाचन टीआर धीमान ने लकड़ी पकड़ने के मामले की पुष्टि की है। एसपी प्रेम ठाकुर ने बताया कि वन विभाग की शिकायत पर वन अधिनियम के तहत केस दर्ज कर दिया है तथा छानबीन की जा रही है। डीएफओ टीआर धीमान ने बताया कि जहल बीट में देवदार का ताजा पेड़ काटा गया है। जिसकी जांच की जा रही है।