गोहर (मंडी)। बगस्याड़ के दुर्गम गांव रैनधार में रसोई गैस सिलिंडर में रिसाव के कारण मकान में आग लग गई। इससे दो भाइयों का नौ कमरों का रिहायशी मकान जलकर राख हो गया है। आग से पंद्रह लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। प्रशासन ने प्रभावितों को पंद्रह-पंद्रह हजार की फौरी राहत जारी कर दी है। इस घटना ने दो परिवारों के सिर से छत छीन ली है। प्रभावित कुंदन लाल और घनश्याम ने बताया कि आग मंगलवार दोपहर बाद लगी। घर में कोई नहीं था। सभी परिवार के सदस्य बाहर गए थे। अचानक गैस रिसाव के बाद आग लग गई और सिलिंडर फट गया।
लोग आग बुझाने के लिए आए लेकिन कुछ ही पलों में सब कुछ राख हो गया। प्रभावितों ने बताया कि आग से मकान में रखी 80 हजार की नकदी और तीन तोले सोना भी जल गया है। दोनों परिवारों की उम्रभर की कमाई चली गई। पटवारी भानु प्रताप ने बताया कि आग से प्रभावित परिवारों को 15 - 15 हजार रुपये फौरी राहत के रूप में दिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर तहसीलदार थुनाग मुंशी राम और उनकी टीम समेत पुलिस पहुंच गई लेकिन तब तक सब जलकर राख हो गया था। तहसीलदार ने बताया कि प्रभावितों को फौरी राहत और राशन वितरित कर दिया गया है।