गणई मेले की सांस्कृतिक संध्या में प्रस्तुति देती ममता भारद्वाज
- फोटो : अमर उजाला
गोहर (मंडी)। गणई मेले की सांस्कृतिक संध्या में सारेगामा फेम ममता भारद्वाज और श्रेया गुलेरिया ने पहाड़ी नाटी और हिंदी गानों पर खूब धमाल मचाया। चैलचौक पंचायत की ओर से आयोजित सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्य अतिथि नाचन के विधायक विनोद कुमार और एसडीएम गोहर राघव शर्मा ने शिरकत की। चैलचौक पंचायत प्रधान कुमार चंद और चैलचौक व्यापार मंडल प्रधान नरेंद्र शर्मा ने मुख्य अतिथियों का स्वागत किया। हास्य कलाकर प्रिंस गर्ग ने पंडाल में बैठे दर्शकों को चुटकुलों से खूब गुदगुदाया।
सारेगामा फेम ममता भारद्वाज ने फिल्मी गीत ..कच्चे धागे सच्चे प्यार के न तोड़ना.. गीत से कार्यक्रम का आगाज किया। पहाड़ी गीत इक अधिया मंगाई जा रे, तारे गिन गिन याद च तेरी, ओ सुमित्रा, मेरे फोटो को सीने से यार चिपका ले जरा फेविकोल से.. समेत नान स्टाप पहाड़ी नाटियों से दर्शकों का जमकर मनोरंजन किया।
श्रेया गुलेरिया ने हिंदी और पहाड़ी गीतों से गणई और चैलचौक के युवाओं को जमकर नचाया। सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का जमकर मनोरंजन किया। चैलचौक पंचायत प्रधान कुमार चंद ने बताया कि गणई मेले को आने वाले समय में और अधिक आकर्षक बनाया जाएगा। नाचन के विधायक विनोद कुमार ने कहा कि मेले आपसी भाई चारे के प्रतीक हैं।