धर्मपुर उपमंडल के तहत सकलाना पंचायत के सकलाना गांव में सोमवार घास काटने निकली महिला की पेड़ से गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के अनुसार सत्या देवी (48) पत्नी स्व. नेक राम सुबह घर से घास काटने के लिए निकली थी। महिला पेड़ पर घास काटने के लिए चढ़ी। इसी दौरान अचानक उसका पांव फिसल गया। पेड़ से नीचे गिरने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने उसे सीएचसी धर्मपुर पहुंचाया, जहां पर चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने थाना धर्मपुर को मामले की सूचना दी। पुलिस ने सरकाघाट अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
सकलाना पंचायत की प्रधान सुमन कुमार व पूर्व प्रधान सुरेन्द्र ठाकुर ने प्रभावित परिवार को प्रशासन व सरकार से उचित मुआवजा देने की मांग की है। थाना प्रभारी अमर सिंह ने मामले की पुष्टि की है। वहीं, नायब तहसीलदार धर्मपुर पवन कुमार से कहा कि पटवारी को 10 हजार फौरी राहत देने के आदेश कर दिए गए हैं।