चौहारघाटी के टिक्कन में सब्जी मंडी में दुकानों के निर्माण पर 35 लाख रुपये खर्च होंगे। चौहारघाटी के दूरदराज ग्राम पंचायत सुधार में कृषि उपज विपणन समिति की ओर से आयोजित एक दिवसीय किसान जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर के समापन पर स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुधार के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार भी प्रदान किए। प्रधानाचार्य सुषमा त्यागी ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की।
कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि मंडी जिला के कटौला में भी सब्जी मंडी खोलने की स्वीकृति प्राप्त हो गई है। जल्द ही यहां पर सब्जी मंडी स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि नए विपणन यार्डो के निर्माण के लिए दस करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया है। उन्होंने क्षेत्र के किसानों से आग्रह किया कि वे बैमोसमी सब्जियां उगाने की ओर भी ध्यान दें।
उन्होंने कहा कि शिल्हबधाणी विशराम गृह से गांव तक जीप योग्य सड़क को चौड़ा करने के लिए 55 लाख रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। इस अवसर पर एपीएमसी के निदेशक कृष्ण पाल शर्मा, प्रकाश कश्यप, वामन देव ठाकुर, देसराज ठाकुर, घनश्याम ठाकुर, जोगेंद्र गुलेरिया, विजेंद्र, बहादुर सिंह मुगलाना, चंद्रशेखर ठाकुर, केके शर्मा, बीआर राणा, देवी चंद, केएस राणा, डा. रमेश व अन्य मौजूद थे।