फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मारपीट में घायल युवक की मौत पर एनएच जाम

Wed, 20 Jul 2016 11:12 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, मंडी
विज्ञापन
विज्ञापन
अपर बैहली पंचायत के लोअर बैहली गांव में चार जुलाई को हुए मारपीट के मामले में घायल युवक की आईजीएमसी शिमला में मौत हो गई। गांव के रास्ते में बने गेट को बंद करने को लेकर हुए विवाद में एक समुदाय के सात युवाओं ने जोगिंद्र सिंह के साथ मारपीट की थी। उसके बाद उसे गंभीर हालत में आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया जिसकी बुधवार को मौत हो गई। इससे गुस्साए लोगों ने दोपहर बाद धनोटू में बाजार बंद कर पुलिस सहायता कक्ष के बाहर जोरदार नारेबाजी की और नेशनल हाईवे पर करीब साढ़े तीन घंटे चक्का जाम कर दिया।
विज्ञापन


इस दौरान लोगों ने पुलिस, प्रशासन व प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए आरोपियों के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया। उधर, जोगिंद्र सिंह की मौत की खबर मिलते ही पुलिस को भी यहां पर तनाव बढ़ने का अंदेशा हो गया था। इस कारण जिला भर से दर्जनों पुलिस जवान यहां पर बुला लिए गए। मंडी से एएसपी कुलभूषण वर्मा व एसडीएम राजीव कुमार भी मौके पर मौजूद होकर लोगों को शांत करने का प्रयास करते रहे।

आईजीएमसी शिमला में बैहली गांव के जोगिंद्र सिंह की मौत से गुस्साए लोगों ने बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे धनोटू के पास नेशनल हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई। प्रदर्शनकारियों ने हाइवे पर वाहनों से रास्ता बंद कर दिया। इस कारण एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। काफी समय बाद वहां से निकाल कर एक अन्य रास्ते से मंडी की ओर भेजा गया। साढ़े चार बजे शुरू धरना करीब पौने आठ बजे खत्म हुआ।
विज्ञापन


पंचायत प्रधान लोरमा देवी और उप प्रधान बंसी लाल ने बताया आरोपियों की धरपकड़ को लेकर पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई न किये जाने से ही लोग भड़के हुए हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर 15 जुलाई को भी पंचायत के सैकड़ों लोगों ने डीएसपी संजीव भाटिया से मुलाकात की थी। उन्होंने डीएसपी को पहले ही बता दिया था कि अगर जल्द ही पुलिस ने आरोपियों को नहीं पकड़ा तो इससे क्षेत्र में माहौल खराब हो सकता है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस जोगिंद्र सिंह की मौत के बाद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में अब तक तीन नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। जबकि चार आरोपियों की धरपकड़ को पुलिस ने अभियान छेड़ रखा है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने एक अन्य व्यक्ति को भी पूछताछ के लिए हिरासत में ले रखा है।


ये है मामला
लोअर बैहली पंचायत के अपर बैहली गांव में रास्ते में बने गेट को बंद करने को लेकर हुए विवाद के बाद चार बाइकों पर सवार सात युवकों ने जोगिंद्र सिंह व अजू के साथ मारपीट की थी। उसके बाद उसे नागरिक अस्पताल सुंदरनगर में भर्ती करवाया गया। जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया। इस दौरान जोगिंद्र सिंह कोमा में चला गया था। इस कारण उसका बयान भी दर्ज नहीं हो पाया था। बुधवार सुबह पीजीआई चंडीगढ़ ले जाते समय उसकी रास्ते में ही मौत हो गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें