उपमंडल करसोग की भडारनु पंचायत के भडारनु गांव में चोरों ने रिटायर्ड रेंज आफिसर के घर का ताला तोड़ कर लाखों के गहने व नकदी उड़ा ली। मकान मालिक की शिकायत पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को रिटायर्ड आरओ देवेंद्र कुमार पुत्र नंदलाल ने करसोग थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई। उसने बताया कि वह चुराग का रहने वाला है और उसने भडारनु में भी अपना एक मकान बनाया है। चोरी की वारदात के दिन परिवार के सदस्य चुराग वाले घर में थे। इस दौरान चोरों ने भडारनू मकान का ताला तोड़ कर वहां से सोने के गहने व 24 सौ रुपये नकदी ले उड़े। चोरों ने अलमारी का लॉक तोड़ कर उसमें रखे सोने का एक मंगल सूत्र, दो जोड़ी झुमके, नथ व चांदी की माला, अंगूठी व एक पाजेब जोड़ी ले गए।
देवेंद्र कुमार ने बताया कि पिछले महीने पत्नी के बीमार होने के कारण शिमला आईजीएमसी जाना पड़ा। इस कारण बच्चों को चुराग वाले घर में छोड़ दिया। कुछ दिनों से भडारनु वाले घर में कोई नहीं था। गत मंगलवार को पड़ोसी ने फोन कर बताया कि बीती रात आपके घर में लाइट जली थी। क्या आपने अपना मकान किसी को किराये पर दे रखा है।
बुधवार को जब देवेंद्र कुमार अपने घर आया तो देखा कि मेन गेट का ताला टूटा हुआ है और घर के अंदर अलमारी का लॉक तोड़ कर सोने के गहने व नकदी गायब है। मामले की जांच कर रहे थाना प्रभारी सुनील कुमार ने मौके पर जाकर वारदात जायजा लिया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में पाया कि अलमारी व ताले को किसी लोहे की रॉड से तोड़ा गया है।
पुलिस अधीक्षक मंडी प्रेम कुमार ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस चोरी मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। जल्द ही चोर पुलिस की गिरफ्त में होंगे।