बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। पोल में करंट उतरने से दो बकरियों की मौत से गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया। लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। जिलाधिकारी को सूचना दिए जाने के बाद तहसीलदार सदर मौके पर पहुंचे। लोगों को समझा बुझाकर सड़क जाम खत्म कराया।
तरकुलवा बिजली उपकेंद्र से सदर कोतवाली के सिसवा गांव को बिजली आपूर्ति होती है।
गांव में एक जगह बिजली पोल के पास तार लटक रहा है। बारिश के कारण पोल में करंट उतरने से नियाज अंसारी की दो बकरियां चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौत हो गई। वहीं नियाज की पत्नी हसीबा भी करंट की चपेट में आने से बाल-बाल बच गईं। लोगों ने इसकी सूचना बिजली विभाग के लाइनमैन, जेई और एसडीओ को देने के लिए फोन किया लेकिन लाइनमैन का मोबाइल स्विच ऑफ और अधिकारियों का मोबाइल रिसीव नहीं हुआ।
इससे गुस्साए लोगों ने सिसवा चौराहे पर सिसवा-करौंदी मार्ग को जाम कर दिया और इसकी सूचना डीएम को दी। डीएम के निर्देश पर एसडीएम सदर सचिन सिंह ने मोबाइल से घटना की जानकारी ली और मौके पर तहसीलदार प्रमोद कुमार को भेजा। सड़क जाम की जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। तहसीलदार ने लोगों को समझा बुझाया।
गांव के नियाज अहमद, नूर अहमद, प्रवीण कुमार, अभिषेक कुशवाहा, मुन्ना गोंड, संदीप आदि ने बिजली विभाग के अधिकारियों की लापरवाही से मौत का आरोप लगाते हुए प्रशासन से मुुआवजा की मांग की। तहसीलदार ने बताया कि पोल में करंट उतरने से बकरियों की मौत हुई है। तार लटक रहा है। उसे ठीक कराने का निर्देश बिजली विभाग को तुरंत दिया गया है।