भोजपुर में शनिवार रात आग से दो मंजिला गद्दे का शोरूम जल कर राख हो गया। इस घटना में 30 लाख से अधिक का नुकसान बताया गया है। इसका कारण शाट सर्किट माना जा रहा है। सूचना मिलते ही मंडी और सुंदरनगर की दमकल टीम मौके पर पहुंच कर करीब चार घंटे के बाद आग पर काबू पाया। जब तक आग नियंत्रण में आई सब कुछ जल कर राख हो चुका था। जानकारी के अनुसार शनिवार रात भोजपुर में नेशनल हाईवे के किनारे पर गद्दे के शोरूम में रात करीब दस बजे आग लग गई।
पड़ोस में स्थित मेडिकल शॉप के मालिक प्यारे लाल के अनुसार रात करीब दस बजे हाइवे के किनारे से गुजर रहे कुछ लोगों ने खन्ना इंपोरियम के शोरुम से धुंआ निकलते देखा तो शोर मचाया। इस दौरान वहां पर आसपास के लोग भी एकत्रित हो गये उन्होंने तुरंत दमकल विभाग व पुलिस को इसकी सूचना दी। उसके बाद बीएसएल परियोजना से दमकल गाड़ी मौके पर पहुंच आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग बेकाबू होती गई।
इस दौरान मंडी से भी दमकल को बुलाया गया। करीब चार घंटे की लंबी जद्दोजहद के बाद जब तक आगजनी पर काबू पाया गया दो मंजिला शोरूम में रखा लाखों का सामान जल कर पूरी तरह से राख हो चुका था। अपने कारोबार को राख होते देख शोरूम के मालिक राजेश खन्ना को दिल का दौरा पड़ गया। उन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में पहुंचाया गया। आग की सूचना मिलने पर एएसपी मंडी कुलभूूषण वर्मा, डीएसपी संजीव भाटिया, थाना प्रभारी साक्षी वर्मा भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने स्थिती का जायजा लिया।
डीएसपी संजीव भाटिया ने बताया पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। एसडीएम राजीव कुमार ने बताया प्रशासन की ओर से प्रभावित को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया हल्का पटवारी से इस घटना की रिपोर्ट तलब की गई है।
उधर, घटना के दौरान बीएसएल परियोजना के एक दवानल कर्मी द्वारा शराब के नशे में धुत हो दल के साथ पहुंचने का मामला सामने आया है। आग बुझाने के दौरान कर्मी ने कई लोगों के साथ अभद्र व्यवहार भी किया है। जिस पर पुलिस ने शिकायत मिलने पर कर्मी का नागरिक अस्पताल में मेडिकल करवाया है।