नेशनल हाईवे मंडी-पठानकोट पर भटोग के पास जीप और बाइक की टक्कर में कांस्टेबल की मौके पर ही मौत हो गई। कांस्टेबल हिमरी गंगा में ट्रैफिक ड्यूटी देकर बाइक पर मंडी लौट रहा था। वहीं, जीप चालक मौके से फरार हो गया। जीप चालक को पुलिस ने पधर के समीप दबोच लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार नेशनल हाईवे मंडी-पठानकोट पर द्रंग नमक खान से 100 मीटर की दूरी पर भटोग के पास रविवार रात आठ बजे सड़क दुर्घटना हुई। पुलिस के मुताबिक मंडी ट्रैफिक पुलिस में तैनात कांस्टेबल तोता राम रविवार को हिमरी गंगा में ड्यूटी पर तैनात था। ड्यूटी समाप्त होने पर कांस्टेबल अपनी बाइक पर जिला मुख्यालय को लौट रहा था। भटोग के समीप तंग मोड़ पर मंडी से पठानकोट जा रही सब्जी से भरी जीप ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। बाइक सवार का हेलमेट चकनाचूर हो गया। पुलिस कर्मी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक पुलिस कांस्टेबल तोता राम पुत्र तारा चंद कोटली तहसील के रोपड़ू सुराड़ी गांव का निवासी था। जीप को चालक चरणजीत सिंह पुत्र हरदीप सिंह निवासी बैहनापुर गुरदासपुर पंजाब चला रहा था। पधर पुलिस के मुख्य आरक्षी ठाकुर सिंह ने बताया कि जीप चालक को सोमवार को मंडी कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जमानत मिल गई है। सड़क हादसे में जीप चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।