कनैड पंचायत में बुधवार रात एक मकान के रसोईघर में रखे सिलेंडर में आग लगने से करीब एक लाख रुपये का सामान जल कर राख हो गया। सूचना मिलने पर बीएसएल परियोजना के दवानल विभाग ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार कनैड निवासी रमेश चंद पुत्र देवी राम के रसोईघर में रखे सिलेंडर में बुधवार रात करीब आठ बजे आग लग गई। घटना के समय घर वाले दूसरे कमरे में थे। जब उन्हें जलने की बदबू आई तो उन्होंने देखा की रसोईघर में रखे सिलेंडर में आग लग गई है।
इस दौरान सूचना देने पर बीएसएल के दवानल कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे तथा सिलेंडर में लगी आग पर काबू पाया। इस दौरान रमेश चंद का फ्रिज, अलमारी, रजाई सहित अन्य सामान जल कर राख हो गया। पंचायत के उप प्रधान भूपेंद्र वालिया ने बताया रमेश चंद के अनुसार आग लगने से करीब एक लाख का सामान जल गया है।
एसडीएम राजीव कुमार ने बताया हल्का पटवारी से इस घटना में हुए नुकसान की रिपोर्ट तलब की गई है।