करसोग(मंडी)। चुराग में शातिरों ने रिहायशी मकान से लाखों के आभूषण और नकदी उड़ा ली है। घटना को अंजाम सोमवार देर रात दिया गया। घर में महिला अपने बेटे के साथ थी जबकि उसके पति किसी काम से शिमला गए थे। पुराने मकान में ताला लगाकर वह दूसरे कमरे में सोने चले गए और सुबह ताला टूटा हुआ मिला, जिसमें सोने, चांदी के आभूषण गायब थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भवानी देवी पत्नी शिवराम गांव चुराग अपने बेटे के साथ घर अकेली थी। उसके पति शिमला किसी काम के लिए गए थे। पुराने मकान में ताला लगाकर अपने बेटे के साथ सोने चली गई। मंगलवार सुबह जब उठे तो पुराने कमरे का ताला टूटा हुआ था। जब अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी भी टूटी थी। ट्रंक भी गायब था। जिसमें सोने के जेवरात और नकदी थी। प्रभावित के मुताबिक ट्रंक में तीन सोने की अंगुठियां, सोने के कड़े, पैंडल व चांदी की पायल और कुछ नकदी थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी अरुण मोदी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।