सरकाघाट (मंडी)। राजकीय कॉलेज सरकाघाट के मेन गेट के बाहर ड्यूटी दे रहे ट्रैफिक इंचार्ज विजय कुमार को बाइक सवार ने कुचलकर बुरी तरह से घायल कर दिया है। एसडीएम ने घायलावस्था में पुलिसकर्मी को सरकाघाट अस्पताल पहुंचाया। यहां से उसे मंडी जोनल अस्पताल रेफर कर दिया है। मौके पर आरोपी छात्र लाइसेंस और गाड़ी के कागजात नहीं दिखा सका है। आरोपी सरकाघाट कॉलेज का प्रथम वर्ष का छात्र है और नाबालिग बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कॉलेज के मुख्य गेट के बाहर तेज रफ्तार वाहन चालकों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने नाका लगा रखा था। ट्रैफिक इंचार्ज विजय कुमार अपनी टीम जगदीश चंद्र, हरदेव चंद व होम गार्ड कर्मियों को लेकर रुटीन की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार युवक सरकाघाट की तरफ से कॉलेज गेट के सामने आया। एक ट्रैफिक कर्मी ने उसे रोकना चाहा, लेकिन वह नहीं रुका और सामने इंचार्ज विजय कुमार से जा टकराया। उसे घसीटते हुए आगे तक ले गया। खून से लथपथ पुलिस कर्मी को वहां से गुजर रहे एसडीएम श्रवण मांटा अस्पताल तक पहुंचाया। उधर, डीएसपी चंद्रपाल सिंह ने बताया कि पुलिसकर्मी पर ड्यूटी के दौरान गाड़ी चढ़ाने और लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर पुलिस आरोपी छात्र के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। बाइक चालक मौके पर लाइसेंस और गाड़ी के कागज नहीं दिखा सका है। मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
000