सुंदरनगर (मंडी)। चंडीगढ़ से मंडी में अवैध शराब की तस्करी को अंजाम दिया जा रहा है। मादक पदार्थ और शराब का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ सुंदरनगर पुलिस की ओर से छेड़े गए अभियान में यह खुलासा हुआ है। मंगलवार रात पुलिस ने हाईवे पर नाके के दौरान एक जीप से सुंदरनगर की ओर लाई जा रही 147 बोतलें अवैध शराब की पकड़ी हैं। यह शराब चंडीगढ़ से तस्करी कर लाई जा रही थी। पुलिस ने इस मामले में वाहन को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही अवैध शराब को भी कब्जे में ले लिया है। जांच तेज कर दी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सुंदरनगर पुलिस ने मंगलवार रात को चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर पुंघ में थाना प्रभारी गुरबचन सिंह के नेतृत्व में नाका लगा रखा था। इस दौरान पुलिस ने बिलासपुर की ओर से आ रही एक जीप को जब जांच के लिए रोका तो तलाशी में संतरा और टैंगो ब्रांड देसी शराब की 107 पेटियां बरामद हुईं। जब पुलिस ने जीप चालक से इस माल का परमिट मांगा तो वह उसे दिखाने में विफल रहा। इस पर पुलिस ने शराब और जीप को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी गुरबचन सिंह ने बताया आरोपी की शिनाख्त रवि कुमार पुत्र राम सिंह निवासी कंदरौर जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। डीएसपी तरनजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी जीप चालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि शराब और मादक पदार्थों का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी रहेगा।