सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर के धनोटू में ठेके में तोड़फोड़ करने और लोगों को भड़काने के आरोप में पुलिस ने जिला कांग्रेस कमेटी सुंदरनगर के प्रवक्ता ब्रह्मदास चौहान, जुगाहन पंचायत के उपप्रधान श्याम लाल और ट्रक यूनियन सुंदरनगर के पूर्व प्रधान रहे दलीप चौधरी के खिलाफ आबकारी एवं कराधान विभाग की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, ठेके में तोड़फोड़ करने वाली दर्जनों महिलाओं की शिनाख्त भी शुरू हो गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से ठेके का विरोध और तोड़फोड़ करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं, 9 अप्रैल को धनोटू में नहर किनारे स्थित शराब के ठेके में आगजनी के तार भी इसी प्रकरण के साथ जोड़े जा रहे हैं।
आगजनी की घटना के बाद 10 अप्रैल को जब ठेके की मरम्मत शुरू हुई तो महिला मंडलों सहित स्थानीय लोगों ने ठेका बंद करने को आंदोलन छेड़ दिया। तीन दिन तक आंदोलन चलने के बाद वीरवार को दर्जनों महिलाओं ने पहले तो ठेका के बाहर धरना प्रदर्शन किया। उसके बाद दोपहर में ठेके में तोड़फोड़ शुरू कर दी। महिलाओं ने ठेके में रखी शराब को बाहर फेंक दिया और उसके शेड को तीन तरफ से तोड़ दिया। पुलिस, प्रशासन और आबकारी विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर आंदोलनरत महिलाओं और अन्य लोगों को शांति बनाए रखने का आग्रह किया लेकिन, उनकी कोई बात न सुनकर महिलाओं ने ठेके में तोड़फोड़ जारी रखी। जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया था।
आबकारी विभाग की शिकायत पर कार्रवाई: एसपी
एसपी मंडी गुरदेव चंद ने कहा कि पुलिस ने आबकारी एव कराधान विभाग के सर्कल निरीक्षक माधविंद्र सिंह की ओर से दी गई शिकायत पर शराब का ठेका तोड़ने पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि इन तीनों आरोपियों ने महिलाओं व अन्य लोगों को ठेका में तोड़फोड़ करने के लिए प्रोत्साहित किया।
सेल्समैन की तबीयत बिगड़ी, भर्ती
थाना प्रभारी गुरबचन सिंह ने बताया कि ठेका में तोड़फोड़ में शामिल महिलाओं की भी शिनाख्त शुरू कर दी गई है। शीघ्र ही इस मामले में संलिप्त महिलाओं और अन्य लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इधर, ठेके में तोड़फोड़ के दौरान मारपीट में सेल्समैन भी घायल हो गया है। तबीयत बिगड़ने पर उसे वीरवार देर शाम को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।