फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चंजयार गांव में उपप्रधान की पत्नी की संदिग्ध मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
धर्मपुर (मंडी)। उपमंडल के गांव चंजयार में एक महिला की संदिग्ध मौत हो गई है। मामले में महिला के मायका पक्ष ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और हत्या के आरोप लगाए हैं। जबकि, ससुराल पक्ष का कहना है कि महिला की मानसिक हालत सही नहीं थी। मामले में पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक धवाली पंचायत के चंजयार गांव की अनु देवी (33) पत्नी शशि कुमार के भाई संतोष कुमार और सुरेश कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी बहन की मौत की सूचना उन्हें शनिवार सुबह उसके जीजा ने खुद उनके गोरत स्थित घर में आकर दी। जब उन्होंने इस बारे में पुलिस को सूचित करने को कहा तो उसने मना कर दिया और कहा कि पुलिस में शिकायत नहीं करनी है। फिर दोनों भाइयों ने पुलिस को सूचित किया। इस दौरान अन्य गांव वाले भी वहां एकत्रित हो गए और ससुराल रवाना हो गए। पुलिस को दी शिकायत में भाइयों ने कहा कि जब वह बहन के ससुराल पहुंचे तो बहन की लाश को नीचे फर्श पर रखा हुआ था। वहां पहुंचने पर जीजा ने बताया कि आपकी बहन ने फंदा लगाकर जान दे दी है। मृतका के भाइयों ने डीएसपी के माध्यम से एसपी मंडी को ज्ञापन भेज कर ससुराल पक्ष पर कार्रवाई की मांग उठाई है। भाइयों ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि उनकी बहन के ससुराल वाले उनकी बहन को पिछले कई सालों से दहेज को लेकर प्रताड़ित करते थे। आरोप लगाया है कि बहन की हत्या गला घोंट कर की गई है। जिससे उसके गले पर निशान पड़ गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि बहन ने आत्महत्या की होती तो ससुराल वालों को सबके सामने शव को फंदे से नीचे उतारना चाहिए था। उधर, महिला के पति धवाली ग्राम पंचायत के उपप्रधान शशि कुमार ने कहा कि उनका परिवार निर्दोष है। उनकी पत्नी की कुछ दिनों से मानसिक दशा ठीक नहीं थी। मृतका अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गई है।
विज्ञापन


हर पहलू की होगी जांच : डीएसपी
डीएसपी सरकाघाट करण सिंह गुलेरिया ने कहा कि पुलिस हर एक पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मौत के कारणों का पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही सही पता चल सकेगा। उसी के बाद ही विभिन्न धाराओं पर मामला दर्ज किया जा सकता है। मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें