जोगिंद्रनगर (मंडी )। शहर के एक होटल में ठहरी महिला ने होटल कर्मी पर आपत्तिजनक वीडियो बनाने के आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि जब वीरवार सुबह वह बाशरूम में थी तो उसने खिड़की में किसी को ताक झांक करते देखा। शोर मचाने पर वहां से किसी के भागने की आवाज आई। बात फैलते ही आरोपी कर्मी होटल से फरार हो गया। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होटल कर्मी को पकड़ लिया। पुलिस ने कर्मी से फोन बरामद कर लिया है। लेकिन, उसमें वीडियो नहीं निकला है। अंदेशा जताया जा रहा है कि वीडियो डिलीट किया गया है। पुलिस ने फोन एफएसएल जांच के लिए भेज दिया गया है। उधर, शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी अनिल धौलटा ने मुकदमा दर्ज होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि घटना के बाद होटल से फरार कर्मी को गिरफ्तार कर लिया है। होटल कर्मी के खिलाफ भांदंस की धारा 354 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित महिला शुक्रवार को अदालत मेें 164 के तहत बयान दर्ज करवाएगी। आरोपी के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पांच सदस्य ठहरे थे होटल में
प्राप्त जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के अमरावती के रहने वाले 5 सदस्यों का एक दल प्रदेश में घूमने आया था। मनाली से यह लोग वापस वैष्णो देवी माता मंदिर जा रहे थे। रात को यह दल जोगिंद्रनगर के एक होटल में रुक गए।
वीरवार सुबह परिवार की 22 वर्षीया महिला होटल के बाशरूम में थी। आरोप है कि होटल की खिड़की से एक कर्मी द्वारा बाथरूम में ताक-झांक की गई। महिला का यह भी आरोप कि उसने उसकी वीडियो बनाई है। महिला के शोर मचाने के बाद उक्त कर्मी होटल से फरार हो गया।