मंडी/सरकाघाट। जिले में दो अलग-अलग हादसों में दो व्यक्तिओं की मौत हो गई है। मनाली-चंडीगढ़ एनएच पर सुबह पौने आठ बजे के करीब छह मील के पास एक टिपर अनियंत्रित होकर ब्यास नदी में जा गिरा। हादसे में टिपर चालक की मौत हो गई है जबकि, टिपर ब्यास में समा गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। उधर, सरकाघाट उपमंडल के ब्रांग में कार्य के दौरान मिस्त्री की लेंटर से गिरने से मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि लेंटर के ऊपर सरिये को मोड़ते वक्त मिस्त्री को चक्कर आ गया और वह लेंटर से नीचे गिर गया। मामले में पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह पौने आठ बजे के करीब हंसराज पुत्र मंगत राम गांव ढलवान बल्ह, मंडी से पंडोह की ओर बजरी से लोड ट्रक ले जा रहा था। इसी दौरान छह मील के समीप अचानक टिपर अनियंत्रित होकर गिर गया। हादसे के दौरान चालक ने छलांग लगा दी। इससे वह ब्यास के किनारे पर गिर गया। हादसे के तुरंत बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलावस्था में चालक को जोनल अस्पताल मंडी पहुंचाया, यहां चालक ने दम तोड़ दिया। एसएचओ सदर थाना सुनील कुमार सांख्यान ने कहा कि जांच की जा रही है। उधर, सरकाघाट उपमंडल के ब्रांग गांव में शनिवार शाम राजकुमार (48) पुत्र परमाराम निर्माणाधीन घर के लेंटर में सरिया मोड़ने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान उसे चक्कर आया और वह नीचे गिर गया। उसे सरकाघाट अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्राम पंचायत बाग की प्रधान लता देवी ने प्रशासन से गरीब परिवार को मुआवजा प्रदान करने की मांग उठाई है। डीएसपी सरकाघाट चंद्रपाल सिंह ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।