गोहर(मंडी)। नाचन वन मंडल के अंतर्गत हलीनु बीट में देवदार के अवैध कटान मामले में पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर पूछताछ के बाद दो और लोगों को हिरासत में लिया है। आरोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया है। जहां से तीनों को 26 तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। हलीनु बीट में देवदार के अवैध कटान का मामला यहां के बीट गार्ड की सड़क दुर्घटना में हुई मौत के दूसरे दिन सामने आया था। एसएचओ गोहर मनोज वालिया ने बताया कि करीब आधा दर्जन लोग अवैध कटान में संलिप्त पाए बताए जा रहे हैं। जिनसे पूछताछ जारी है। उधर, हलीनु बीट में तैनात वन रक्षक की सड़क दुर्घटना में हुई मौत को परिजन हत्या से जोड़ रहे हैं।
सड़क दुर्घटना में मारे गए वन रक्षक हरीश कुमार की पत्नी ने उसके पति की मौत को लेकर एसपी मंडी को शिकायत कर जांच की मांग उठाई है। एसपी गुरदेव चंद ने कहा है कि अवैध कटान को लेकर बुधवार तक 4 लोगों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि अवैध कटान मामले को लेकर शेष बचे 2 आरोपी उच्च न्यायालय में जमानत के लिए पहुंच गए हैं।