जोगिंद्रनगर(मंडी)। उपमंडल जोगिंद्रनगर के लडभड़ोल क्षेत्र में खड्ड पार करते वक्त अचानक पानी आने से एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई है। वहीं तीन मवेशी भी मारे गए हैं। हादसे के वक्त व्यक्ति अपने मवेशियों के साथ खड्ड पार कर रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव बरामद कर लिया है। प्रशासन की तरफ से प्रभावित परिवार को दस हजार की फौरी राहत दे दी गई है। एसडीएम जोगिंद्रनगर अमित मैहरा ने इसकी पुष्टि की है।
मिली जानकारी के मुताबिक ऊटपुर पंचायत के भ्रां गांव का निवासी गुलाब सिंह अपनी खच्चरों को लेकर बिनवा खड्ड को पार कर रहा था। अचानक खड्ड में पानी बढ़ गया और व्यक्ति और मवेशी डूबने लगे। स्थानीय निवासी सुरेंद्र कुमार, पृथ्वी राज, अरविंद चौहान और सुरेंद्र सिंह ने बताया खड्ड में बह रहे मवेशियों को आसपास के ग्रामीणों ने बचाने का प्रयास किया था, लेकिन बचाया न जा सका। थाना प्रभारी संदीप शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। हादसे के कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है। प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि मौत डूबने के कारण ही हुई है।