सरकाघाट (मंडी)। सांप के डसने से 3 साल की बच्ची की मौत हो गई है। मामला सरकाघाट की गाहर पंचायत के गांव गदेहडू का है। बच्ची को बेहोशी का हालत में परिजन अस्पताल लेकर आए थे। जहां पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। वहीं चिकित्सकों का कहना है कि सांप के डसने से बच्ची के शरीर में जहर फैला है, जिससे उसकी मौत हुई है।
सरकाघाट उपमंडल की गाहर पंचायत के निकटवर्ती गांव गदेहडू की 3 वर्षीय बच्ची की सांप के डसने से मौत होने की घटना सामने आई है। इसे घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। मिली जानकारी के अनुसार बच्ची मुस्कान स्कूल से आने के बाद घर के कमरे में सोई हुई थी। बाद दोपहर जब उसकी मां उसे जगाने लगी तो वह बेहोश थी। उसका पूरा शरीर नीला पड़ गया था। बच्ची को तत्काल सरकाघाट अस्पताल लाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। एसएचओ सरकाघाट सतीश पाल शर्मा ने मामले की पुष्टि करते कहा कि बच्ची के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। चिकित्सकों के मुताबिक सांप के डसने से बच्ची की मौत हुई है। उधर, सरकाघाट अस्पताल के कार्यवाहक प्रभारी वरिष्ठ डाक्टर देस राज शर्मा ने पुष्टि करते हुए कहा कि बच्ची की मौत सांप के डसने से हुई है। उसे अस्पताल लेट लाए थे। जहर अपना काम कर गया था।
फोरेंसिक रिपोर्ट खोलेगी मवेशियों की मौत का राज
सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल की ग्राम पंचायत टिक्कर में दो मवेशियों को जहर खिलाकर मारने के महिला मंडल के आरोपों के तहत एसडीएम के निर्देशानुसार पशु चिकित्सक ने पुलिस की मौजूदगी मे मृत गाय और बैल का पोस्टमार्टम कर सैंपल पुलिस के सुपुर्द कर दिए। उपमंडलीय वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि पशुओं का पोस्टमार्टम करने के लिए जमनी में पशु चिकित्सक डॉ. दीपक को मौके पर भेजा गया। जिन्होंने शव बिछेदन कर सैंपल लेकर पुलिस के सुपुर्द कर दिए हैं। पुलिस ही सैंपल को आगामी जांच के लिए फोरेंसिक लैब में भेजेगी। डीएसपी चंद्रपाल सिंह ने कहा कि पुलिस को सैंपल मिल गए हैं। शीघ्र ही सैंपल आगामी जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजे जा रहे हैं।