फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खनन माफिया के गड्ढों में फंस गई पुलिस की जीप, बैरंग लौटी

विज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
मंडी/नेरचौक। सूबे में अवैध खनन पर नई सरकार के सख्त तेवर और पुलिस की कार्रवाई के कदम माफिया के गड्ढों में फंसते नजर आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला मंगलवार को बल्ह के नेरढांगू में सुकेती खड्ड में सामने आया है। यहां पर खनन माफिया पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम की जीप खनन के लिए किए गड्ढों में ही फंस गई। जब तक पुलिस अधिकारी और कर्मी पैदल चलकर मौके पर पहुंच पाते अवैध खनन करने में जुटे लोग मौके से फरार हो गए थे। जबकि, मौके पर कुछ ट्रैक्टर और टिप्पर ही पुलिस कर्मियों के हाथ तो लगे लेकिन इन टिप्परों में रेत अभी तक लोड नहीं हो सका था। जिस कारण पुलिस वाहनों को कब्जे में नहीं ले सकी। आंखों के सामने अवैध खनन में जुटे लोग मौके से फरार हो गए और पुलिस कर्मी बैरंग लौट गए। उधर, जिला पुलिस का दावा है कि खनन माफिया पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस विभाग पूरी तरह से तैयार है। बताया जा रहा है कि कार्रवाई से बचने के लिए खनन माफिया सड़क में गड्ढे कर देता है, ताकि कार्रवाई करने वालों के पहुंचते भागने का मौका मिल सके।
विज्ञापन


गाड़ी फंसी तो पैदल ही दौड़ पड़े पुलिस कर्मी
मंगलवार को 12 बजे के करीब बल्ह थाना पुलिस की टीम ने सुकेती खड्ड के नेरढांगू में दबिश दी। जैसे ही पुलिस टीम लिंक रोड से खड्ड की ओर पहुंचने का प्रयास करने लगी तो कुछ ही दूरी पर माफिया ने इस लिंक रोड पर गड्ढे डाल दिए थे। जिस कारण यहां से पुलिस की जीप आगे नहीं जा सकी। पुलिस टीम ने जैसे तैसे कर गाड़ी को खड्ड तक पहुंचाने का प्रयास किया। लेकिन, अवैध खनन में जुटे लोगों को भागता देखता पुलिस अधिकारी और कर्मी उन्हें दबोचने के लिए गाड़ी से उतर कर दौड़ पड़े।

सालों से चल रहा गड्ढों का खेल
पुलिस को गड्ढों में उलझाने की खनन माफिया की रणनीति कोई नई नहीं है। बल्हघाटी में सुकेती खड्ड में कई सालों से यही सिलसिला जारी है। गड्ढों में कार्रवाई को उलझाने का खेल सालों का है। इन गड्ढों से खनन में इस्तेमाल होने वाले बड़े वाहन ट्रैक्टर और टिप्पर तो गुजर जाते हैं। लेकिन, पुलिस के छोटे वाहन फंस जाते हैं।
विज्ञापन


कड़े निर्देश करेंगे जारी : विधायक
विधायक इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि खनन विभाग और पुलिस को कड़े निर्देश जारी किए जाएंगे। अवैध खनन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हाल ही किए 21 चालान : डीएसपी
डीएसपी बल्ह संजय शर्मा ने कहा कि हाल ही में क्षेत्र में अवैध खनन पर 21 चालान काटे गए हैं। खनन माफिया पर नकेल कसने के लिए पुलिस योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करेगी। एएसआई धमेंद्र दो पुलिस कर्मियों के साथ नेरढांगू क्षेत्र में मंगलवार को किसी अन्य कार्य से गए थे। इसी दौरान अचानक टीम ने अवैध खनन में जुटे लोगों को देखा। जिससे टीम ने मौके पर जाने का प्रयास किया। लेकिन, लिंक रोड पर बड़े गड्ढे होने से जीप गड्ढों में ही फंस गई। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने गाड़ी को गड्ढों से निकाल लिया। लेकिन, तब तक अवैध खनन में जुटे लोग फरार हो गए थे। टीम ने तीन दर्जन के लगभग औजारों को कब्जे में ले लिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें