नेरचौक (मंडी)। जिला पुलिस ने बल्ह उपमंडल के लोअर बगला में मंगलवार रात को एक ढाबा मालिक से 48 ग्राम हीरोइन बरामद की है। पुलिस ने आरोपी ढाबा मालिक को बुधवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को चार दिन का पुलिस रिमांड दिया है।
जानकारी के अनुसार डीएसपी हेडक्वार्टर और एसएचओ बल्ह ने गुप्त सूचना पर लोअर बगला में दबिश दी। दबिश के दौरान पुलिस ने आरोपी ढाबा मालिक संजय कुमार पुत्र पुष्प राज निवासी कोहल डाकखाना गागल से 48 ग्राम हीरोइन बरामद की। बल्ह थाना एसएचओ संजीव सूद ने कहा कि गुप्त सूचना पर पुलिस ने दबिश दी थी। सूचना मिली थी कि आरोपी लोगों को नशीले पदार्थों की बिक्री करता है। संजय कुमार को कोर्ट में पेश किया गया है। अदालत से आरोपी को चार दिन का पुलिस रिमांड मिला है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।