मंडी। नौकरी का झांसा देकर सुंदरनगर क्षेत्र के दो युवकों को टूरिस्ट वीजा पर मलयेशिया भेजने का मामला सामने आया है। एक सप्ताह मलयेशिया रहने के बाद पीड़ित मुश्किल से भारत लौटे हैं। शुक्रवार को पीड़ितों ने एएसपी मंडी को शिकायत सौंप कर कार्रवाई की मांग उठाई। ठगी करने वाले ने अढ़ाई लाख रुपये ऐंठे हैं। उधर, एएसपी मंडी ने मामला जांच के लिए सुंदरनगर थाना भेज दिया है।
युवकों ने कहा है कि उन्हीं के गांव के एक ट्रेवल एजेंट ने उन्हें मलयेशिया में रोजगार के सपने दिखाए। इसके लिए उसके खाते में 1 लाख 45 हजार रुपये जमा करवाए। जब विदेश जाने के लिए वे दिल्ली पहुंचे तो वहां पर टिकट कैंसिल होने की बात पता चली। दोबारा टिकट बनवाने के लिए वहां के दो लोगों को 50-50 हजार रुपये और दिए।
उन्हें मलयेशिया की राजधानी कुआलांपुर भेजा गया। वहा पता चला कि उन्हें टूरिस्ट वीजा पर भेजा गया है। इसके बाद वे अपने देश लौटने की जुगत में लग गए। भारत लौटने पर जब उन्होंने जीत राम से अपने पैसे मांगे तो उसने देने से इंकार कर दिया। पीड़ित युवक एएसपी मंडी पुनीत रघु से मिले और उन्हें शिकायत दी। एएसपी मंडी पुनीत रघु ने बताया कि दो युवक विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी की शिकायत लेकर आए थे। सुंदरनगर थाना प्रभारी को जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं।