नेरचौक (मंडी)। शहर में एक मकान की बिजली काटने पहुंचे बिजली बोर्ड के कर्मचारियों की पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि बिजली काटने पहुंचे कर्मचारियों के साथ दो युवकों ने मारपीट की। उनके कपड़े तक फाड़ दिए और गाली गलौज किया। इसकी सूचना स्थानीय जेई को दी गई। जूनियर अभियंता जब मौके पर पहुंचे तो खूब हंगामा हुआ। आरोपियों ने जेई से भी हाथापाई कर दी। पुलिस ने शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक बोर्ड के जेई सुरेंद्र कुमार ने बल्ह थाना में शिकायत दर्ज करवाई है कि लाइनमैन कनक कुमार और टीमेट सचिन कुमार बिजली का मीटर काटने के लिए खुशवंत सिंह के घर गए। वह मीटर अभी काट ही रहे थे कि खुशवंत सिंह के पुत्र पप्पी और मिंटू राम उनसे बहस करने लगे। बाद में उनकी पिटाई कर दी। कपड़े तक फाड़ दिए। आनन-फानन में कर्मचारियों ने जेई सुरेंद्र कुमार को बुलाया।
जब वे वहां पहुंचे तो उनके साथ भी हंगामा किया। एसडीओ बल्ह डीके गुप्ता ने बताया कि बल्ह थाने में इसकी शिकायत दर्ज की गई है। एसएचओ बल्ह राकेश ठाकुर ने बताया कि ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई है। मामला दर्ज कर लिया गया है छानबीन की जा रही है।
000