सुंदरनगर (मंडी)। वन विभाग की टीम ने नगर परिषद क्षेत्र में एक दुकान में छापामारी कर वहां से मृत जंगली जानवरों के अंग बरामद किए हैं। दुकान में स्थापित किए गए मंदिर में यह अंग रखे गए थे। वन विभाग ने इन्हें अपने कब्जे में ले लिया है। इसे अब जांच के लिए वन विभाग की देहरादून स्थित लैब में भेजा जाएगा। इसकी रिपोर्ट आने के बाद आरोपी दुकानदार के खिलाफ आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बताया जा रहा है कि ये अंग पूजा पाठ और टोटके करने में इस्तेमाल किए जाते हैं।
जानकारी के अनुसार वन विभाग सुंदरनगर ने वन राजिक अधिकारी सुंदरनगर विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस के साथ सूचना पर शहर में शुक्रवार सुबह एक दुकान में छापामारी की। यहां से वन विभाग ने लगभग एक दर्जन मृत जंगली जानवरों के अंग बरामद किए। इसके बाद वन विभाग की टीम ने आरोपी दुकानदार को पूछताछ के लिए वन विभाग के कार्यालय में तलब किया। वन मंडल अधिकारी सुकेत सुमीत भारद्वाज ने बताया कि बरामद किए गए अंगों की सत्यता जानने के लिए इन अंगों को वन विभाग की देहरादून स्थित वन्य प्राणी विंग की लैब में भेजा जा रहा है। जहां से रिपोर्ट आने के बाद आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।