मंडी। वन विभाग के नाक के तले शातिर गाड़ी भर के बिरोजा के टीम चोरी कर गए हैं। टीन खुले में रखे हुए थे। इसी दौरान शातिरों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। उधर, वन विभाग के गार्ड की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खुले में बिरोजे के टीन रखने को लेकर वन विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक फॉरेस्ट गार्ड हरि राम ने बिरोजे के टीन चोरी होने की शिकायत की है। शिकायत में कहा है कि बिरोजे के 298 टीन खुले में भरकर रखे हुए थे। इसी दौरान जब सुबह देखा गया तो बिरोजे के टीन गायब थे। इसकी सूचना पुलिस थाना सदर में दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। उधर, मामले की पुष्टि करते हुए सदर थाना प्रभारी सुनील कुमार सांख्यान ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिकायत के आधार पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर किया गया है। जांच के बाद ही असलियत का पता चल पाएगा। जिसके बाद ही जांच का दायरा आगे बढ़ेगा।