सरकाघाट (मंडी)। सरकाघाट में झोलाछाप चिकित्सकों के अलावा झपटमारों यानी स्नैचिंग करने वाले शातिरों का गिरोह सक्रिय है। सरकाघाट में फैला इन चोरों का नेटवर्क कार में सवार होकर आता है और आपको विश्वास में लेकर लूटकर नौ दो ग्यारह हो जा रहा है। ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला वीरवार को सरकाघाट की नबाही पंचायत के बस्तला ध्याना गांव में सामने आया है। लूट का शिकार बुजुर्ग बालम राम हुआ है। कार में आए शातिरों ने बच्चों का हवाला देते हुए 100 रुपये का छुट्टा मांगा और जैसे ही बुजुर्ग ने जेब से पैसे निकाले तो बुजुर्ग के पास मौजूद 3500 रुपये छीनकर शातिर फरार हो गए। बुजुर्ग की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इससे पहले भी यहां स्नैचिंग के मामले सामने आ चुके हैं। लिहाजा लोगों में दहशत का माहौल है।
बाही पंचायत के बस्तला ध्याना गांव का बालम राम पुत्र रूपलाल ने बताया कि सुबह घरेलू काम के लिए वह मौहीं बाजार की ओर जा रहा था। जैसे ही वह मटकनु गांव के पास पहुंचा तभी मौहीं की तरफ से एक सफेद रंग की कार आई और उसे देखकर सड़क किनारे रुक गई। कार में सवार एक व्यक्ति नीचे उतरा और हाथ में 100 रुपये का नोट लेकर उससे कहने लगा कि उसे 50-50 के दो नोट मिल जाएंगे। पहले तो उसने मना कर दिया फिर वह व्यक्ति बोला कि मैंने बच्चों को पैसे देने हैं। बच्चों का नाम सुनकर बालम राम ने जैसे ही अपनी जेब से पैसे निकाले और उन्हें देने के लिए खुले पैसे देखने लगा तो इसी दौरान वह व्यक्ति एकदम पैसों पर झपट्टा मारकर गाड़ी में बैठ फरार हो गया। बालम राम ने बताया कि उसके पास 3500 रुपए थे। वह गाड़ी का पूरा नंबर भी नहीं देख सका।
पहले भी हो चुकी है घटना
इससे पहले भी एक व्यापारी से 8000 रुपये इसी तरीके से लूटे जा चुके हैं। लेकिन, पुलिस स्नैचरों तक नहीं पहुंच सकी है। हालांकि, पुलिस जल्द दोनों मामलों को सुलझाने का दावा कर रही है लेकिन, इन स्नैचरों को पकड़ना पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं। इस घटना के बाद लोगों में खौफ है।
सीसीटीवी शातिरों तक पहुंचने का सहारा
उधर डीएसपी सरकाघाट चंद्रपाल सिंह ने घटना की पुष्टि करते कहा कि पुलिस ने शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। बुजुर्ग ने लेट शिकायत दर्ज करवाई है। अगर पुलिस को समय पर सूचना मिलती तो तुरंत कार्रवाई करते हुए स्नैचरों का पीछा करके उन्हें पकड़ सकती थी। उन्होंने जनता से ख़ुद भी सतर्क रहने का आग्रह किया है। कहा कि पुलिस पेट्रोल पंपों पर लगे सीसीटीवी की फुटेज भी देख रही है।