करसोग (मंडी)। उपमंडल करसोग की महोग पंचायत के बनौल गांव में पशुओं के लिए चारा ला रहे एक व्यक्ति की सीढ़ियों से पांव फिसलने पर रस्सी गले में अटकने से मौत हो गई। घटना का पता चलने पर करसोग पुलिस का दल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल करसोग पहुंचाया है।
पुलिस के अनुसार महोग पंचायत के बनौल निवासी मनसा राम वीरवार दोपहर को पशुओं के लिए बगीचे से घास लेकर आ रहे थे। इस दौरान बगीचे में लगी सीढ़ी से उनका पांव फिसल गया। ऐसे में घास में बंधी रस्सी का एक छोर उसके गले में अटक गया। इसी कारण उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने इस बारे स्थानीय पंचायत और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामला दर्ज करते हुए शव को कब्जे में ले लिया। करसोग अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। एएसआई करसोग मोहन जोशी ने घटना की पुष्टि की। कहा कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।