सुंदरनगर नलवाड़ मेले में पशु प्रदर्शनी का आकर्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर नलवाड़ मेले के तीसरे दिन आयोजित पशु प्रदर्शनी में इस बार कुछ खास पशु आकर्षण का केंद्र बने रहे। पशुपालन विभाग हिमाचल प्रदेश की ओर से आयोजित इस प्रदर्शनी में मंडी और बिलासपुर जिलों के पशुपालकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
प्रदर्शनी में दो पशुपालकों और उनके पशुओं ने लोगों का विशेष ध्यान खींचा। गोहर के दीपक कुमार की 52 लीटर दूध देने वाली गाय और मार्कंडेय के पशुपालक छोटू राम का डेढ़ क्विंटल वजनी बकरा गब्बर सिंह चर्चा का विषय बने रहे।
दीपक कुमार ने बताया कि उन्होंने एमसीए तक पढ़ाई की, लेकिन लंबे समय तक नौकरी की तलाश में भटकते रहे। बाद में उन्हें नीदरलैंड नस्ल की गाय पालन की सलाह मिली। आज उनके पास ऐसी तीन गायें हैं, जो प्रतिदिन करीब 52-52 लीटर दूध देती हैं। इसी के दम पर दीपक हर महीने लगभग 80 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर रहे हैं और पूरी तरह आत्मनिर्भर बन चुके हैं।
बॉक्स
छोटू राम का गब्बर सिंह बना कमाई का जरिया
बिलासपुर के छोटू राम का बकरा गब्बर सिंह भी प्रदर्शनी में आकर्षण का केंद्र रहा। करीब तीन साल के इस बकरे का वजन डेढ़ क्विंटल है। क्रॉस ब्रीडिंग के जरिये यह बकरा अब तक लगभग डेढ़ लाख रुपये की कमाई करा चुका है। छोटू राम प्यार से उसे रामू भी कहते हैं और बताते हैं कि इस पशुपालन ने उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. घनश्याम भूपल ने बताया कि इस बार नलवाड़ मेले की आयोजन समिति ने पशु प्रदर्शनी और संबंधित व्यवस्थाओं के लिए पहली बार 4 लाख रुपये से अधिक का बजट पशुपालन विभाग सुंदरनगर को उपलब्ध कराया।