मंडी। जिले के तीन नागरिक अस्पतालों में 50-50 बेड की क्षमता वाले कोविड स्वास्थ्य केंद्र खोले जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग ने कोविड के बढ़ते मामलों को देखते हुए यह निर्णय लिया है। कोरोना के गंभीर संक्रमित रोगियों के लिए सरकाघाट, सुंदरनगर और करसोग में डेडीकेटिड कोविड अस्पताल शुरू करने की योजना तैयार कर ली गई है।
जोनल अस्पताल मंडी में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेेद्र शर्मा की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. धर्मचंद वर्मा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश ठाकुर और जिला कार्यक्रम अधिकारियों ने भाग लिया। सीएमओ ने कहा कि कोविड वैश्विक महामारी की तीसरी लहर का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है और इसकी रोकथाम के लिए सभी आवश्यक कदम और कोविड प्रोटोकोल जारी करने के बाद भी कोरोना अपना रंग दिखा रहा है। कहा कि कोविड के प्रभाव को कम करने के लिए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग दिन-रात काम में जुटा हुआ है। जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों पर रेपिड एंटीजन टेस्ट मुफ्त उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मंडी शहर की जनता की सुविधा के लिए मेरी मंच पर कोरोना टेस्ट शुरू कर दिए गए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र शर्मा ने कहा कि जिले के सभी स्वास्थ्य खंडों को कोरोना टेस्ट किट उपलब्ध करवा दी गई हैं और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रारंभिक उपचार के लिए आदेश दिए गए हैं। साथ ही होम आइसोलेशन दवा किट भी उपलब्ध करवा दिए गए हैं। उन्होंने सभी लोगों को कोरोना नियमों का पालन करने की सलाह दी और बिना कार्य बाजार और धार्मिक आयोजन में न जाने के लिए कहा है।