जोगिंद्रनगर में सीवरेज से बिगड़े हालात पर गुस्साए पार्षदों के साथ मिनी सचिवालय परिसर में धरना प्
जोगिंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल जोगिंद्रनगर में करीब 400 से अधिक लोगों के पीलिया से संक्रमित होने के बाद नगर परिषद जोगिंद्रनगर में सीवरेज की लचर स्थिति पर जनता और पार्षदों का गुस्सा फिर से फूट पड़ा। नगर परिषद अध्यक्ष ममता कपूर और उपाध्यक्ष अजय धरवाल के नेतृत्व में शनिवार को लोगों ने लघु सचिवालय परिसर में प्रदर्शन किया।
इस दौरान पार्षदों और लोगों ने जहां जल शक्ति विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और मुख्यमंत्री से विभाग के अधिकारियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। अजय धरवाल ने कहा कि 400 लोग के पीलिया संक्रमित और कुछ युवाओं की मौत जल शक्ति विभाग की लापरवाही का नतीजा है। यह सब क्षतिग्रस्त पेयजल पाइपलाइनों और सीवरेज के मिलन के कारण हुआ है।
उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र में अभी भी 100 से अधिक घरों को कनेक्शन नहीं मिल पा रहा है, जो विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। वार्ड दो के पार्षद राजीव कुमार ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर जोगिंद्रनगर की पेयजल लाइनों का सुधार कार्य पूरा नहीं किया गया, तो वार्डवासी सीवरेज की गंदगी को विभाग के कार्यालय तक ले जाएंगे।
नप अध्यक्ष ममता कपूर ने कहा कि जल शक्ति विभाग को 35 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि देने के बावजूद सीवरेज सुधार कार्य ठप पड़ा है। उन्होंने अनदेखी के खिलाफ जनता के साथ मिलकर अधिकारियों का घेराव करने की बात कही।
जल शक्ति विभाग ने दिए सुधार के निर्देश
जल शक्ति विभाग मंडल जोगिंद्रनगर के अधिशासी अभियंता प्यारे लाल ने कहा कि सीवरेज के कार्यों के सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी किए हैं। मरम्मत कार्य के लिए टेंडर की औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। निर्माण कार्य पूरा होने पर छूटे सीवरेज उपभोक्ताओं को भी कनेक्शन दे दिए जाएंगे।