रिवालसर नैना देवी से मंडी लौट रही बस बीच रास्ते में हाफी स्त्रोत जागरूक पाठक
मंडी। परिवहन निगम की बसों में खराबी आने व बीच रास्तों में हांफने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अपने गंतव्यों तक पहुंचने के लिए लोगों को निजी बसों, लिफ्ट लेकर या टैक्सी पर भारी राशि खर्च करनी पड़ रही है। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे नैणा देवी से मंडी आ रही निगम की बस रिवालसर से मात्र चार किलोमीटर मझयाली के पास खराब हो गई।
दूसरी बस न मिलने पर मजबूरी पर अपने स्तर पर ही यात्रियों को इंतजाम करना पड़ा। यात्रियों और बस चालक ने इस संबंध में बस अड्डा मंडी में सूचना दी। बस में काफी देर तक यात्री दूसरी बस का इंतजार भी करते रहे, लेकिन काफी इंतजार करने के बाद भी जब बस नहीं पहुंची तो लोगों को निजी बसों व लिफ्ट लेकर अपने गंतव्यों तक पहुंचना पड़ा। यात्रियों में भारती, सुनीता, राजकुमार, प्रियंका, बंती देवी, देई देवी, दिनेश कुमारी और डोलमा सहित अन्य लोगों ने बताया कि शुक्रवार दोपहर के समय रिवालसर से मंडी के लिए निगम की बस में बैठे थे, लेकिन मात्र चार किलोमीटर की दूरी तय करने पर ही बस बीच रास्ते में हांफ गई। इससे उन्हें परेशानी झेलनी पड़ी। बता दें कि बीते वीरवार को मंडी से हरिद्वार जा रही निगम की बस कीरतपुर के पास खराब हो गई। सवारियों को दूसरी बसों में जाना पड़ा। इस संबंध में हिमाचल पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक मंडी पीयूष शर्मा ने बताया कि प्रेशर पाइप के फटने से रिवालसर से मंडी आ रही बस में खराबी आई थी। निगम की बसों को रोजाना जांच पड़ताल के बाद ही रूटों पर भेजा जाता है। खराबी आने पर दूसरी बसों का इंतजाम कर लोगों को सुविधा दी जाती है।