द्रंग(मंडी)। कोरोना मुक्त पंचायतों को कोरोना मुक्त प्रमाणपत्र प्रशासन की ओर से दिया जाएगा। वहीं जो प्रधान टेस्टिंग के लक्ष्य को पूरा करेगा, उसे भी सम्मान पत्र मिलेगा। जिला भर में कोविड की जांच के लिए सघन अभियान की कवायद चल रही है। इसी कड़ी के तहत पधर उपमंडल में सघन कोविड सैंपलिंग को लेकर 3 जून से अभियान शुरू होगा। इस अभियान के तहत विशेष रूप से 3 चिकित्सा टीमों का गठन किया गया है ग्राम पंचायत प्रधानों की अध्यक्षता में ग्राम स्तरीय टास्क फोर्स को अधिसूचित किया गया है। निर्धारित दिन व समय पर 100 से अधिक लोगों को सैंपलिंग के लिए लाने के लिए ग्राम स्तरीय टास्क फोर्स की जिम्मेदारी तय की गई है।
इस अभियान के तहत प्रतिदिन तीन गांवों को शामिल किया जाएगा। आदेशों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। एसडीएम पधर शिव मोहन ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि कोरोना मुक्त पंचायतों को कोरोना मुक्त प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा तथा जो प्रधान सैंपलिंग लक्ष्य को पूरा करेंगे। उन्हें अलग से पुरस्कृत किया जाएगा। टास्क फोर्स के प्रत्येक सदस्य के लिए इस परीक्षण अभियान में व्यक्तिगत रूप से परीक्षण के लिए कम से कम 5 व्यक्तियों को लाना अनिवार्य है। एसडीएम शिव मोहन सैनी ने कहा कि ग्राम स्तरीय टास्क फोर्स सिल्हबुधानी, पाली व बड़ीधार में तीन जून से इस अभियान के तहत सघन सैंपलिंग की जाएगी।