मंडी। 104 बिस्तरों वाले भंगरोटू कोविड अस्पताल में शल्य चिकित्सा की सुविधा होगा। संक्रमित महिलाओं की डिलीवरी के लिए अलग लेबर रूम की व्यवस्था रहेगी। हर बिस्तर पर ऑक्सीजन की सुविधा सेंट्रल सप्लाई से होगी। गंभीर रोगियों के लिए अलग से आईसीयू वार्ड भी होगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 3 जून को लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नेरचौक के समीप भंगरोटू में नवनिर्मित मेक शिफ्ट कोविड अस्पताल का लोकार्पण करेंगे। ऑक्सीजन की सप्लाई और अन्य तकनीकी दिक्कतों की वजह से इस अस्पताल का निर्माण करीब दो माह की देरी से हुआ है। कोरोना की दूसरी लहर के पीक समय में यदि इसका निर्माण होता तो काफी राहत होगी। अब भी इस अस्पताल के बन जाने से नेरचौक कोविड अस्पताल में रोगियों का दबाव कम होगा। बता दें कि जिला का यह दूसरा मेक शिफ्ट कोविड अस्पताल है।
मुख्यमंत्री 3 जून को सुबह पौने 11 बजे ढांगू पहुंचेंगे। वह 11 बजे मेक शिफ्ट कोविड अस्पताल का लोकार्पण करने के बाद नेरचौक अस्पताल में अधिकारियों के साथ बैठक कर जिला में कोरोना की स्थिति की समीक्षा करेंगे। उनका दोपहर बाद 2 बजे शिमला लौटने का कार्यक्रम है।
-संजय कुमार, सहायक आयुक्त मंडी