सेरी मंच मंडी पर सजे हाटबाजार में सरसो साग व मक्की रोटी तैयार करती कावेरी स्वयं सहायता समूह की
मंडी। शहरी आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए हर सप्ताह दो दिन शुक्रवार और शनिवार को सेरी मंच मंडी में हाट बाजार सजता है। यहां महिलाएं स्वयं तैयार किए उत्पादों की बिक्री कर अच्छी आमदनी अर्जित कर अपनी आर्थिकी को मजबूत कर रही हैं।
कावेरी स्वयं सहायता समूह चडयारा की सदस्य जया कुमारी ने बताया कि उनके समूह में दस महिलाएं जुड़ी हैं। सभी बारी-बारी से सेरी मंच पर स्टॉल सजाती हैं। महिलाएं सिड्डू, मोमो, कचौरी आदि के स्टॉल सजा रही हैं, तो क्यों न हर घर-घर में बनाए जाने वाले पारंपरिक पकवान का स्टॉल लगाया जाए। ऐसे में मक्की की रोटी और सरसों के साग के साथ भल्ले- बावरू, कोदरे की कचौरी सहित अन्य पारंपरिक उत्पादों का स्टॉल लगाना शुरू किया।
स्टॉल पर मक्की की रोटी और सरसों के साग के साथ देसी घी का स्वाद लेने पर्यटक और लोग काफी संख्या में आते हैं। उन्हें 70 रुपये में मक्की की रोटी और साग की थाली परोसी जा रही है। कोदरे की कचौरी 50 रुपये, भल्ला और गुजिया 20 रुपये में दिए जाते हैं। सेरी मंच के अलावा समूह की महिलाएं महाशिवरात्रि मेला, सरस मेलाें में भी स्टॉल लगाती हैं। सभी तरह का सामान तैयार कर बिक्री के बाद दिन में हजार या 1500 तक की आमदनी हो जाती है। संवाद