एडीसी को शिकायत पत्र देती भांबला की प्रधान। - स्रोत : जागरूक पाठक
- फोटो : सांकेतिक
मंडी। बलद्वाड़ा तहसील की भांबला पंचायत में लोक मित्र केंद्र संचालक पर बच्चे के आधार कार्ड बनाने के लिए 150 रुपये लेने का आरोप लगा है। बटैल गांव की रूमा देवी ने इसकी शिकायत पंचायत प्रधान सुनीता देवी से की। इसके बाद मामला अतिरिक्त उपायुक्त मंडी रोहित राठौर तक पहुंचा। प्रधान ने लोक मित्र केंद्र को हटाने की मांग की है।
पंचायत प्रधान को दी शिकायत में रूमा देवी ने आरोप लगाया है कि उसने पंचायत में दो माह के बेटे रियांस वर्मा का आधार कार्ड बनवाया। इस दौरान लोक मित्र संचालक ने 150 रुपये मांगे। जब कहा कि पैसे ज्यादा हैं, तो कहा गया कि चाहे बच्चा हो या बूढ़ा सभी के 150 रुपये ही लगेंगे। इस पर लोक मित्र केंद्र संचालक से गुहार लगाई कि बच्चा छोटा है, 20 रुपये कम कर लो। तब उसने कहा कि यह सब पैसा सरकार को जाता है, हमें सिर्फ 20 फीसदी ही मिलता है।
उन्होंने प्रधान से उक्त लोक मित्र संचालक को हटाने की मांग की थी। प्रधान सुनीता देवी ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मामले को अतिरिक्त उपायुक्त के पास रखा गया है। मामले में न्याय की गुहार लगाई गई है। उधर, अतिरिक्त उपायुक्त रोहित राठौर ने कहा कि मामले को लेकर प्रधान ने शिकायत दी है। पूरी छानबीन होगी, दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
नियमों के अनुसार, नए आधार कार्ड के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता, जबकि डेमोग्राफिक अपडेट के लिए 50 रुपये और बायोमेट्रिक अपडेट के लिए 100 रुपये निर्धारित हैं।